खूंटी : जब काम करने का जज्बा मन में हो तो सफलता को कोई रोक नहीं सकता है. इस बात को साबित कर दिखा रहे हैं तोरपा प्रखंड के गुड़गुड़चुंआ के किसान. किसान कड़ी मेहनत के बल पर तरबूज की खेती कर अच्छी आमदनी कर रहे हैं. यहां के लगभग दो दर्जन किसानों ने लगभग 150 एकड़ भूमि में तरबूज की खेती की है़ व्यापारी खुद किसानों के खेत तक आकर तरबूज की खरीदारी कर रहे हैं. इससे किसानों को बाजार ढूंढ़ने की भी जरूरत नहीं पड़ती है़ तरबूज बेच कर गांव के सभी किसान खुशहाल हो बन रहे हैं.
रोल मॉडल बने हैं मूल्या भेंगरा : तोरपा प्रखंड के ही कुमांग का मूल्या भेंगरा क्षेत्र के किसानों के लिए रोल मॉडल बने हुए हैं. उन्होंने इंटीग्रेटेड फार्मिंग को अपना कर एक ही खेत से दोहरा लाभ उठा रहे हैं. मूल्या ने अपने खेतों में मनरेगा के तहत आम के पेड़ लगाये हैं. खेत के खाली स्थानों में उन्होंने तरबूज, खीरा सहित अन्य प्रकार की सब्जियों की खेती कर रहे हैं. आसपास के किसान उनके इस तकनीक को अपनाने लगे हैं.
डीसी ने किसानों की सराहना की : जिले के डीसी सूरज कुमार खेती देखने के लिए पिछले दिनों गुड़गुड़चुंआ और कुमांग गांव गये थे़ उन्होंने किसानों के प्रयास की खूब सराहना की़ उन्होंने बताया कि किसानों को सरकार द्वारा काफी सुविधा मुहैया करायी गयी है़ कहा कि गुड़गुड़चुआं के किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर पानी, बिजली, सिंचाई और आवागमन की सुविधा प्रदान की जायेगी़
