खूंटी : पुलिस ने मुरहू के गुल्लू के समीप जंगल में रविवार को छापेमारी कर पीएलएफआइ के सक्रिय उग्रवादी एतवा बोदरा उर्फ मार्शल(सियांकेल निवासी) को गिरफ्तार किया है. उसके पास से पुलिस ने 7.62 एमएम का सात जिंदा कारतूस, उग्रवादी संगठन के कई परचे बरामद हुए हैं. एतवा मुरहू थाना कांड संख्या 66/15 (विस्फोटक पदार्थ अधिनियम व 17 सीएलए एक्ट) में जेल जा चुका है. एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा को सुबह गुप्त सूचना मिली कि पीएलएफआइ का एक दस्ता गुल्लू के समीप जंगल मेें किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है.
उन्होंने एक टीम गठित की. जिसमें पुलिस अधीक्षक अभियान अनुराग राज, झारखंड जगुवार के पुलिस उपाधीक्षक कौशर अली, मुरहू थानेदार दिनेश प्रजापति, पुअनि बमबम कुमार ने पुलिस बल के साथ जंगल की घेराबंदी की. पुलिस को आते देख उग्रवादी जंगल में भागने लगे. पुलिस ने खदेड़ कर एतवा बोदरा उर्फ मार्शल को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी में उसके जेब से उक्त कारतूस व परचा बरामद हुआ. एसपी के मुताबिक गिरफ्तार उग्रवादी एतवा पीएलएफआइ के एरिया कमांडर प्रभुसहाय बोदरा व पट्टू नाग गिरोह का सक्रिय सदस्य है. पीएलएफआइ के शनिका ऑड़ेया उर्फ चैता गिरोह का वह काफी करीबी है. उसने संगठन व सदस्यों के बाबत कई जानकारी पुलिस को दी है. जिसपर पुलिस की छापेमारी कर रही है. पूछताछ के बाद एतवा को जेल भेज दिया गया.
