खलारी : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को खलारी प्रखंड क्षेत्र में हजारों लोगों ने योग किया. प्रखंड कार्यालय में बीडीओ एसके वर्मा ने प्रमुख सोनी तिग्गा सहित पंचायत प्रतिनिधियों व प्रखंडकर्मियों के साथ योग किया. योग शिक्षक नीरज सिंह ने प्रखंडकर्मियों को योग कराया
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की खलारी शाखा द्वारा एसीसी मैदान में योग का अभ्यास किया गया. स्वयंसेवकों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम सहित योग की अनेक मुद्राएं की. डीएवी पब्लिक स्कूल खलारी में रामबिलास भारती और प्राचार्य यूके पराशर ने बच्चों को योग कराया. प्राचार्य यूके पराशर ने कहा कि 21 जून को योग दिवस घोषित कराने में भारत की अहम भूमिका है. कहा कि योग एक विज्ञान है, योग किसी धर्म विशेष से संबंध नहीं रखता. योग से शरीर, मन, आत्मा और बुद्धि स्वच्छ होते हैं. कहा कि भक्त से ईश्वर के मिलन को योग कहते हैं और योग करनेवाले को योगी.
उर्सुलाइन कॉन्वेंट स्कूल खलारी में सिस्टर जयंती सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं और बच्चों ने योग किया. सरस्वती विद्या मंदिर करकट्टा में प्रधानाचार्य शालिग्राम सिंह सहित शिक्षकों व विद्यार्थियों ने योग किया. योग शिक्षक संजीव सिंह ने योग कराया. एसीसी उच्च विद्यालय के बच्चों ने एसके सेन के निर्देशन में योग अभ्यास किया. प्रधानाध्यापक एसएन तिवारी ने योग की महत्ता व इतिहास पर प्रकाश डाला. सरना एकेडमी कुसुम टोला में योग अभ्यास किया गया. पंचायत सचिवालयों में मुखिया सहित आम लोगों ने योग किया.
सरकारी विद्यालयों में बच्चे व शिक्षकों ने योग किया. गायत्री प्रज्ञापीठ खलारी में प्रशिक्षक गोविंद साहू ने योग का प्रशिक्षण दिया. रोहिणी में पीओ एमके अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों व कामगारों ने योग किया.
