पिपरवार : कल्याणपुर कोल डंप में गोलीबारी की घटना का अभी एक दिन भी नहीं बीता था कि बुधवार की रात करीब 12 बजे अपराधियों ने बचरा साइडिंग में गोलीबारी की. साइडिंग कार्यालय में दो बम फेंके. दहशत फैलाने के लिए साइडिंग मैनेजर विशप नाथ की बोलेरो पर कई गोलियां दागी. दो नंबर प्लेटफार्म पर कोयला अनलोड करने जा रहे दो हाइवा डंपरों को गोली का निशाना बनाया. जानकारी के अनुसार दो युवक कार्यालय में पहुंचे.
रिवॉल्वर दिखा कर रात्रि पाली में काम कर रहे कर्मचारियों को कमरे से बाहर कर दिया. इसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी. कार्यालय परिसर में ही मोटरसाइकिल स्टैंड में दो सुतली बम फेंके, लेकिन वे फट नहीं सके. सूचना मिलने के बाद पिपरवार पुलिस साइडिंग पहुंची. बम को कार्यालय से सुरक्षित हटाया व अपराधियों द्वारा छोड़े गये पोस्टर को जब्त कर लिया.
कर्मचारियों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है. इधर गोलीबारी की घटना से कर्मचारी दहशत में हैं. कामकाज ठप हो गया. मशीने खड़ी हो गयीं. साइडिंग में डंपरों की कतारें लग गयी.
आजाद हिंद सेना ने ली जिम्मेवारी
घटना की जिम्मेवारी आजाद हिंद सेना के सुप्रीमो अमन साहू ने ली है. कार्यालय में छोड़े गये पोस्टर में कहा गया है कि बिना उससे पूछे काम नहीं करना है. संगठन 24 घंटे के अंदर स्वयं संपर्क करेगा. बिना पूछे काम शुरू करने पर और भी तबाही मचाने की चेतावनी दी गयी है.
सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्णय के बाद काम शुरू
घटना को लेकर क्षेत्र के जीएम एसएस अहमद की पहल पर प्रबंधन की बचरा साइडिंग कार्यालय में ट्रांसपोर्टर, स्थानीय पुलिस व सीआइएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक हुई. इसमें कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना दूर करने व किसी भी हमले की स्थिति से निबटने के लिए स्थानीय पुलिस द्वारा साइडिंग में सशस्त्र सुरक्षा बल तैनात करने का निर्णय लिया गया.
इसके अलावा सीआइएसएफ जवानों का एक सशस्त्र दल लगातार साइडिंग में गश्त लगायेगा. इस पर कर्मचारी व ट्रांसपोर्टर सहमत हो गये. इसके बाद दोपहर एक बजे से पुन: साइडिंग का काम शुरू हो गया. मौके पर सीएचपी पीओ डीके सिंह, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी कैप्टन एमके सिंह, साइडिंग मैनेजर विशप नाथ, इंस्पेक्टर मदन मोहन सिंह, सीआइएसएफ कमांडेंट अशोक जालवानिया, डिप्टी कमांडेंट पंकज बालयान, आरपीएल कंपनी के मैनेजर आरके सिंह आदि मौजूद थे.
