Jharkhand Weather: मार्च के महीने में झारखंड का मौसम हर रोज बदल रहा है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम में बदलाव हो रहा है और इसका प्रभाव 31 मार्च तक बना रहेगा. इससे कई जिलों में गरज और चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि, इस दौरान कुछ दिनों में मौसम शुष्क भी रहेगा, लेकिन कुल मिलाकर बादल और बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है.
26 और 29 मार्च को झारखंड में आसमान साफ रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक, 26 और 29 मार्च को सूबे में केवल आंशिक बादल छाए रहेंगे. बारिश की संभावना नहीं है. इन दिनों मौसम कमोवेश शुष्क रहेगा, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. हालांकि, तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट नहीं होगी और गर्मी का असर बना रहेगा.
रामनवमी पर बारिश के आसार
27 मार्च यानी रामनवमी के दिन सूबे में आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. त्योहार के दिन मौसम में बदलाव से प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
28, 30 और 31 गरज के साथ बारिश
28 मार्च को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर सूबे के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं, 30 मार्च को पूर्वी झारखंड और आसपास के मध्य क्षेत्रों में वर्षा का अनुमान है. 31 मार्च को भी उत्तर-पश्चिम हिस्सों को छोड़कर बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च के लिए पूरे झारखंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की आशंका है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
झारखंड में तापमान भी लगातार बदल रहा है. बुधवार को सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 1.2 डिग्री बढ़ा है.
झारखंड के जिलों में कैसा रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका और गोड्डा में अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री के बीच रहेगा. उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे चतरा, पलामू और गढ़वा में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक जा सकता है. केंद्रीय झारखंड के रांची, बोकारो और हजारीबाग में तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों जैसे पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री तक रह सकता है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में सांस लेना भी खतरनाक, झारखंड में बना सबसे प्रदूषित शहर
बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें लोग
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है. खासकर, बारिश के दौरान जब वज्रपात के साथ तेज हवा चले, तो मौसम विभाग की ओर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि आने वाले दिनों में झारखंड के मौसम में होने वाले बदलाव से आम जनजीवन को प्रभावित हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 25-26 मार्च को छाए रहेंगे बादल, रामनवमी को रामजी का प्राकृतिक जलाभिषेक
