Jharkhand Weather News: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने मंगलवार को पूरे झारखंड को कवर कर लिया है. इसके सक्रिय होते ही राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई और लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. सबसे अधिक 67.4 मिमी बारिश मेदिनीनगर में हुई, जबकि रांची में 20 मिमी और चाईबासा में 14 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक और दो जुलाई को राज्य के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़, रांची, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है. साथ ही वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है.
रांची का पारा 5.5 डिग्री गिरा
बारिश होने से झारखंड के लगभग सभी जिलों में मंगलवार को अधिकतम तापमान में कमी आ गई है. झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार की तुलना में मंगलवार को 5.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आ गई है. रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री हो गया है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री रहा.
3-5 जुलाई तक बारिश में रहेगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार, तीन से पांच तक मेघ गर्जन और वज्रपात हो सकते हैं, जबकि बारिश की कमी रह सकती है. छह जुलाई से राज्य के कई इलाकों में फिर से भारी बारिश हो सकती है.
रांची में 26% कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक जून से 30 जून तक पूरे झारखंड में 54% कम बारिश हुई है, जबकि रांची में 26% कम बारिश हुई है. रांची में इस दौरान सामान्य तौर पर 197.6 मिमी बारिश होती है, लेकिन अब तक यहां 146.9 मिमी बारिश ही हुई है.
यह भी पढ़ें: रांची में ऑनलाइन रजिस्टर-2 से छेड़छाड़ कर अवैध जमाबंदी, कांके सीओ ने साइबर थाने में दर्ज कराई एफआईआर
यह भी पढ़ें: जेपीएससी सिविल सर्विस पीटी रिजल्ट जारी होने का रास्ता साफ, उम्र सीमा विवाद पर हाईकोर्ट ने खत्म की सुनवाई
यह भी पढ़ें: सीसीएल कर्मी को राहत: 39 साल की नौकरी के बाद कर दिए गए थे बर्खास्त, हाईकोर्ट ने आदेश किया निरस्त