Jharkhand Rain Alert: साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रांची होकर गुजरने व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से एक बार फिर झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हुई. मंगलवार को रांची में 18 मिमी बारिश हुई, जबकि सिमडेगा में पांच व देवघर में तीन मिमी बारिश हुई. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार झारखंड के कई हिस्सों में 17 सितंबर तक आकाश में बादल छाये रहेंगे व हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गर्जन और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है.
रांची समेत कई जिलों में तापमान बढ़ा
इधर मंगलवार को रांची के अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हो गयी. मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा. जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की वृद्धि हो गयी. यहां का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई.
इसे भी पढ़ें: BGR माइंस पर INTUC का हमला, बोले सुरजीत नागवाला - रैयत-विस्थापितों को ठगना बंद करे, नहीं तो होगी तालाबंदी
झारखंड में अब भी सामान्य से पांच प्रतिशत कम बारिश
झारखंड में मॉनसून की अवधि एक जून से 30 सितंबर तक होती है. हालांकि इसके वापस लौटने में अक्तूबर का दूसरा हफ्ता लग जाता है. एक जून से 15 सितंबर 2026 तक झारखंड में सामान्य बारिश से पांच प्रतिशत कम बारिश हुई है. इस अवधि में झारखंड में सामान्य बारिश 920.8 मिमी है, जबकि अब तक 871.9 मिमी बारिश हुई है. वहीं रांची में सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है. झारखंड में अभी भी पाकुड़ में 49 प्रतिशत, चतरा में 36 प्रतिशत, देवघर में 31 प्रतिशत कम बारिश हुई है.
इसे भी पढ़ें: JPSC-JSSC मामलों की धीमी जांच पर हाईकोर्ट नाराज, सरकार को लगाई फटकार
