प्रतिनिधि, मिहिजाम : चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (चिरेका) में शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा आस्था और उल्लास के साथ मनायी गयी. शिल्प, कौशल एवं निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा को लेकर कारखाने के विभिन्न शॉप और रेलनगरी में उत्सवी माहौल रहा.
महाप्रबंधक ने की पूजा-अर्चना
इस अवसर पर चिरेका के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने रेलनगरी के विभिन्न शॉप एवं स्थलों पर स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की. उन्होंने चिरेका परिवार के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं.
सजावट ने बढ़ायी उत्सव की रौनक
विश्वकर्मा पूजा को लेकर चिरेका के विभिन्न शॉप एवं रेलनगरी में कर्मचारियों द्वारा आकर्षक सजावट की गयी थी. रंग-बिरंगी सजावट और पूजा पंडालों ने पूरे परिसर को उत्सवी स्वरूप प्रदान किया. महाप्रबंधक समेत उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सजावट की सराहना की.
अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष, चिरेका महिला कल्याण संगठन की वरीय सदस्याएं, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे. पूजा के दौरान चिरेका की सुख-समृद्धि और कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी.
