जामताड़ा : करमाटांड़ थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनतई के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से छिनतई किया गया मोबाइल समेत दो स्मार्टफोन और घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है.
पल्सर सवार युवकों ने महिला से छीना था मोबाइल
इस संबंध में एसडीपीओ वसीम ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 27 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे करमाटांड़, शांतिनगर गांव निवासी मोनिका कुमारी से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने मोबाइल छीन लिया था. पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर करमाटांड़ थाना कांड संख्या 67/26, 29 अगस्त 2026 के तहत धारा 304 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया.
मिशन चौक के पास वाहन जांच में पकड़े गये
कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के आधार पर मिशन चौक, करमाटांड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH21M3828 पर सवार दो युवकों को पकड़ा गया. उनकी पहचान राहुल सिंह और दिनेश दास, दोनों निवासी पियरसोल, थाना चितरा, जिला देवघर के रूप में हुई.
दो स्मार्टफोन बरामद, पूछताछ में छिनतई की बात स्वीकार
तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो स्मार्टफोन बरामद हुए, जिनमें एक रियलमी और एक सैमसंग कंपनी का है. एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल छिनतई की घटना में संलिप्तता स्वीकार की. अनुसंधान में पूर्व में भी मोबाइल छिनतई की घटनाओं में इनके शामिल होने की जानकारी सामने आयी है.
दोनों आरोपियों को भेजा जा रहा न्यायिक हिरासत में
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. मौके पर करमाटांड़ थाना प्रभारी अलख नाथ चौबे सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे.
