विद्यासागर / जामताड़ा : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह गांव में शनिवार देर रात फेसबुक पर एक युवक द्वारा कथित आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी किए जाने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. टिप्पणी से आक्रोशित लोगों की भीड़ युवक भूदेव यादव के घर पहुंच गयी और मकान को घेर लिया. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गये. इस दौरान तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है. वहीं धार्मिक आस्था से जुड़े स्थल को क्षतिग्रस्त किए जाने की बात भी सामने आयी है.
मौके पर पहुंची पुलिस, धक्का-मुक्की की सूचना
घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे, जामताड़ा इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की होने की बात सामने आयी है. पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है. वहीं फेसबुक पर टिप्पणी करने वाले युवक के घर में नुकसान पहुंचाये जाने की बात भी सामने आयी है.
एसडीओ और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. देर रात एसडीओ अनंत कुमार और एसडीपीओ वसीम रजा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है.
थंडारडीह में पुलिस कैंप, आज होगी शांति समिति की बैठक
घटना के बाद रविवार को भी थंडारडीह गांव में पुलिस कैंप कर रही है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. वहीं मामले को लेकर आज करमाटांड़ थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी है. बैठक में क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर आवश्यक कदमों पर चर्चा की जायेगी.
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की
जामताड़ा एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गयी है.
