प्रतिनिधि, जामताड़ा. स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बुधवार को जामताड़ा स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में स्कूल बस और वैन की जांच की गयी. एमवीआइ बरकत अंसारी और सड़क सुरक्षा टीम ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया. इस दौरान स्कूल में बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों के इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस समेत अन्य जरूरी कागजात की जांच की गयी. साथ ही वाहनों की तकनीकी स्थिति का भी जायजा लिया गया.
कुछ वाहनों में मिलीं कमियां, कागजात दुरुस्त कराने का निर्देश
जांच के दौरान कुछ वाहनों में आवश्यक कागजात और तकनीकी मानकों से संबंधित कमियां पायी गयीं. इस पर एमवीआइ ने स्कूल प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए संबंधित वाहनों के कागजात दुरुस्त कराने को कहा. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनफिट वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन नहीं कराया जाये.
जांच टीम ने वाहनों की स्थिति के साथ सुरक्षा मानकों का भी जायजा लिया. स्कूल प्रशासन को निर्देश दिया गया कि बच्चों के आवागमन में केवल निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले वाहनों का ही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाये.
यह भी पढ़ें:
चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग की हिदायत
एमवीआइ ने स्कूल बस और वैन चालकों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया. चालकों से सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
सड़क सुरक्षा टीम ने स्कूल प्रशासन से भी वाहनों के नियमित रखरखाव और जरूरी दस्तावेजों को अपडेट रखने की अपील की. मौके पर माज आलम सहित सड़क सुरक्षा टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
