विद्यासागर : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ताराबहाल गांव में एक घर के बाहर चबूतरे पर नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मामले में करमाटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
ग्रामीणों ने दी चौकीदार को सूचना
जानकारी के अनुसार, बीट संख्या 2/10 में प्रतिनियुक्त चौकीदार यमुना मिर्धा को सुबह करीब 6.30 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि ताराबहाल गांव में शिशु बास्की के घर के बाहर बने चबूतरे पर नवजात शिशु का शव रखा हुआ है. सूचना मिलने पर चौकीदार मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि चबूतरे पर नवजात का शव पड़ा था और नाल जुड़ी हुई थी.
घर से बाहर निकलने पर शव देखने की बात
चौकीदार ने शिशु बास्की से पूछताछ की. उसने बताया कि सुबह घर से बाहर निकलने पर उसने चबूतरे पर नवजात का शव पड़ा देखा था. इसके बाद उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. आसपास के लोगों से भी नवजात के संबंध में पूछताछ की गयी, लेकिन किसी को घटना की जानकारी नहीं थी.
अज्ञात माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी अज्ञात माता-पिता ने नवजात को जन्म के बाद चबूतरे पर छोड़ दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गयी. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद चौकीदार के आवेदन पर करमाटांड़ थाना कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर नवजात को छोड़ने वाले माता-पिता का पता लगाने में जुटी है.
