जामताड़ा से निकेश कुमार की रिपोर्ट
Road Accident: झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं ने इलाके को झकझोर दिया है. इन हादसों में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में कई लोग घायल हो गए. पुलिस दोनों ही मामलों की जांच में जुट गई है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पहला हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत
पहली घटना मंगलवार देर रात भागाबांध गांव के समीप हुई. जानकारी के अनुसार करमोई गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर मुर्मू अपने रिश्तेदार के घर से बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी.
दूसरा हादसा: बाइक और ऑटो की टक्कर में कई घायल
दूसरी घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर बरियापुरा गांव के समीप हुई. यहां एक बाइक और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में जामताड़ा थाना क्षेत्र निवासी 31 वर्षीय बाइक चालक शिशु लाल हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं ऑटो में सवार रंजीत दास, आर्यन दास और फूलकुमारी दास भी घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. पोस्ता पंचायत के मुखिया वीरेंद्र प्रताप हेमब्रम, दिघारी के मुखिया बबलू किस्कू समेत अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शिशु लाल हेंब्रम को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
घायलों की स्थिति चिंताजनक
ऑटो में सवार अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में किया गया, जिसके बाद उन्हें हायर सेंटर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है. प्रशासन द्वारा घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में चोरों ने पहले की चोरी, फिर घर में लगा दी आग! 5 लाख से अधिक की संपत्ति खाक
हादसों के कारणों की पड़ताल
नारायणपुर थाना पुलिस दोनों ही घटनाओं की जांच में जुटी हुई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे किन परिस्थितियों में हुए. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
इसे भी पढ़ें: चांडिल में सड़क हादसा, कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
