प्रतिनिधि, फतेहपुर : केंद्र सरकार के प्रस्तावित एमएमडीआर संशोधन विधेयक, 2026 के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है. सोमवार को फतेहपुर के सालबगान में झामुमो की बैठक प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो शामिल हुए.
खनिज संपदा और राजस्व पर असर को लेकर जतायी चिंता
बैठक को संबोधित करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है. खनिज संसाधनों से प्राप्त होने वाले राजस्व का महत्वपूर्ण हिस्सा विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर खर्च होता है. प्रस्तावित एमएमडीआर संशोधन विधेयक से यदि राज्य के खनिज संसाधनों और राजस्व पर असर पड़ा, तो इसका सीधा प्रभाव जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब, महिला, बुजुर्ग, किसान और विद्यार्थियों के हित में कई योजनाएं चला रही है. मंईयां सम्मान योजना, छात्रवृत्ति और पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया.
सात सितंबर को प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना
बैठक में निर्णय लिया गया कि सात सितंबर को फतेहपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. रवींद्रनाथ महतो ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचने और आंदोलन को लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से मजबूत करने का आह्वान किया.
पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा की गयी. कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने की अपील की गयी.
मौके पर जिला सचिव परेश यादव, प्रखंड प्रमुख अरविंद कुमार मुर्मू, प्रखंड सचिव वकील सोरेन, नाला प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल भट्टाचार्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
