जामताड़ा. समाहरणालय सभागार में बुधवार को डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में माय भारत केंद्र के जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई. बैठक में अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने, विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" अभियान को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई.
उपायुक्त ने विकसित भारत अभियान के पोस्टर का भी विमोचन किया. बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक करीब 6700 युवाओं का पंजीकरण हो चुका है. 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चल रहे 15 से 29 वर्ष के युवाओं के विशेष पंजीकरण एवं जागरुकता अभियान की समीक्षा हुई. उपायुक्त ने शिक्षा, समाज कल्याण, नियोजन, आइटीआइ विभागों को युवाओं का निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. माय भारत केंद्र की उप निदेशक उत्तरा विश्वास ने पीपीटी के माध्यम से पोर्टल की विशेषताओं और युवाओं को मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी. मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू, ईओडीबी प्रबंधक प्रह्लाद कुमार सहित अन्य थे.
