प्रतिनिधि, नारायणपुर. नारायणपुर थाना क्षेत्र के गादीटांड़ गांव के समीप शनिवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गये. टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
नारायणपुर की ओर आ रहे थे पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार बोरवा (पलटा) गांव निवासी सद्दाम अंसारी (35) अपने 60 वर्षीय पिता अलीमुद्दीन मियां के साथ बाइक से नारायणपुर की ओर आ रहे थे. इसी दौरान गादीटांड़ गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गयी. हादसा इतना जोरदार था कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गये.
टक्कर के बाद दूसरा चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूसरी बाइक चला रहे व्यक्ति को हादसे में चोट नहीं आयी. टक्कर के बाद वह मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए सीएचसी नारायणपुर पहुंचाया. अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है.
