विद्यासागर : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह में 22 अगस्त 2026 को हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में नवाडीह निवासी सफिक अंसारी और नावाडीह टोला बेलाटांड़ निवासी असलम अंसारी शामिल हैं.
फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी के बाद हुआ हंगामा
घटना 22 अगस्त 2026 की है. थंडारडीह निवासी भूदेव यादव द्वारा फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की गयी थी. इस टिप्पणी के विरोध में उपद्रवियों ने हंगामा किया. आरोप है कि आरोपियों ने भूदेव यादव के घर में तोड़फोड़ की तथा मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गयी.
विभिन्न धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना को लेकर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 62/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इसमें बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 132, 324(4) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.:
