मिहिजाम : चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) में मंगलवार को जुलाई 2026 के लिए सात रेलकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और प्रतिभाशाली योगदान के लिए ‘मैन ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने सभी पुरस्कार प्राप्त कर्मियों के कार्यों की सराहना की और बधाई दी. सम्मानित होने वालों में सीनियर सेक्शन इंजीनियर मनोज कुमार, टेक्नीशियन-I चंदन कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुजन कुमार पॉल, टेक्नीशियन-I टी.आर.के. कनौजिया, सीनियर टेक्नीशियन-I संजीव कुमार दास, टेक्नीशियन-I तारक घोष तथा जूनियर ट्रांसलेटर धनंजय कुमार शुक्ला शामिल हैं.
लोकोमोटिव तकनीक में सुधार और टेस्टिंग पर जोर
मनोज कुमार रूटीन टेस्ट के बाद ट्रैक्शन मोटर की खराबी की जांच कर मूल कारणों का पता लगाते हैं और दोबारा खराबी रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाते हैं. चंदन कुमार टीपी कन्वर्जन पुश-पुल लोको में होटल लोड वायरिंग, पैनल मॉडिफिकेशन और सुधार कार्य करते हैं. सुजन कुमार पॉल डांकुनी में थ्री-फेज लोकोमोटिव की टेस्टिंग व कमीशनिंग की निगरानी कर रहे हैं.
तकनीकी कार्यों से लेकर डिजिटल सिस्टम तक योगदान
टी.आर.के. कनौजिया बोगी शॉप में अपने नियमित कार्य के साथ ट्रैक्शन मोटर के विभिन्न पैरामीटर की माप और रिकॉर्डिंग करते हैं. संजीव कुमार दास और तारक घोष ने शॉप-25 में मशीनों का कुशल संचालन कर उत्पादन निर्बाध बनाए रखने में योगदान दिया. वहीं धनंजय कुमार शुक्ला ने ऑनलाइन हिंदी क्विज के लिए पेज तैयार करने के साथ लाइब्रेरी मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किया.
