तैयारी . प्रशासन ने की पदाधिकारियों संग बैठक
जामताड़ा : झाविमो के 11 व 12 जून को आर्थिक नाकेबंदी से निबटने के लिए प्रशासन ने विधि व्यवस्था की तैयारी को लेकर समाहरणालय में बैठक की. जिसमें डीसी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि, एसपी मनोज कुमार सिंह, एसी विधान चंद्र चौधरी, रेल थाना के निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित सभी प्रखंड के बीडीओ, थाना प्रभारी ने भाग लिया. बैठक में डीसी एवं एसपी ने सभी बीडीओ एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिया. कहा कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटें.
चौक-चौराहों में प्रशासन को मुस्तैद रहने का आदेश दिया. सभी वाहन, व्यावसायिक प्रतिष्ठान को किसी भी प्रकार की क्षति न हो इसके लिए प्रखंड से लेकर जिला तक पुलिस प्रशासन को निबटने के लिए दिशा- निर्देश दिया. वहीं डीसी डॉ अगहरि ने कहा कि इसके लिए जामताड़ा जिला में 4 हजार 8 सौ 50 व्यक्तियों के ऊपर निषेधात्मक कार्रवाई की जायेगी. उपद्रवियों को गिरफ्तार कर कैंप जेल में रखने का निर्देश दिया गया है. रेल सेवा परिचालन नियमित रूप से चलेगी. इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गयी है.
झाविमो की आर्थिक नाकेबंदी, प्रशासन सतर्क
बना कंट्रोल रूम
एसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि कंट्रोल रूम बनाया गया है. मोबाइल मेडिकल की गाड़ी मौजूद रहेगी ताकि प्राथमिक चिकित्सा कराया जा सके. शहर में पीसीआर गाड़ी हमेशा घुमती रहेगी. कहा कि सभी थाना प्रभारियों को बंद समर्थकों के साथ सख्ती से पेश आने का फरमान दिया गया है.
बिंदापाथर में निकला फ्लैग मार्च
बिंदापाथर . 11 व 12 जून को झाविमो की आर्थिक नाकेबंदी के मद्देनजर एसपी के नेतृत्व में जिला पुलिस ने बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बासनली से देवघर बोर्डर के सरानपाड़ा तक जामताड़ा- दुमका मुख्य सड़क व बस्ती पालोजोड़ी- चितरा सड़क फ्लैग मार्च किया. बाइक पर सवार होकर जामताड़ा एसपी मनोज कुमार, एसडीपीओ पूज्य प्रकाश, सीटी डीएसपी जयदीप लकड़ा, सर्जेंट मेजर आनंद खालको, जामताड़ा पुलिस निरीक्षक बालमिकी सिंह, बिंदापाथर थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, मिहिजाम प्रभारी अजय सिंह, जामताड़ा प्रभारी रवि ठाकुर सहित भारी संख्या पुलिस बल फ्लैग मार्च में हिस्सा लिया. एसपी ने कहा जनता को आर्थिक नाकेबंदी डरने या घबराने की जरूरत नहीं हैं. पुलिस जनता के साथ हैं.
एसपी ने शहर में चलाया फ्लैग मार्च
एसपी मनोज कुमार सिंह ने शहर में फ्लैग मार्च चलाया. बिजली कार्यालय से फ्लैग मार्च शुरू किया, जो पूरे शहर में चला. एसपी श्री सिंह ने कहा कि आर्थिक नाकेबंदी से निबटने के लिए पुलिस तैयार है. उपद्रवियों से सख्ती से निबटा जायेगा.
