जामताड़ा/ विद्यासागर : जामताड़ा के कालाझरिया भारतीय स्टेट बैंक शाखा में शुक्रवार को बंदूक की नोक पर 4 लाख 20 हजार रुपये की लूट हुई. घटना दोपहर के करीब एक बजे की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार काले रंग के तीन बाइक से पांच अपराधी सवार होकर कालाझरिया पहुंचे. पांचों हेलमेट पहने हुई थे.
साथ ही चेहरे पर काला रूमाल बांधे हुए थे. सबसे पहले उन्होंने शाखा प्रबंधक रवि कुमार के कनपटी पर बंदूक सटा कर कैश काउंटर में रखे चार लाख 20 हजार रुपये लेकर बड़ी आसानी से करमाटांड़ की ओर फरार हो गया. इस दौरान अपराधी जाते-जाते सीसीटीवी कैमरा, कंप्यूटर व एलसीडी को क्षतिग्रस्त कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही डीआइजी राजकुमार लकड़ा, एसपी सुजाता वीणापानी, एसडीपीओ वरिष्ठ नारायण सिंह मौक पर पहुंचे और छानबीन में जुट गये. साथ ही बैंक मैनेजर एवं बैंक कर्मियों से पूछताछ की. इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. एसबीआइ जामताड़ा के मुख्य शाखा अधिकारी व देवघर ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंच कर अपने स्तर से जांच कर रहे हैं.
