नारायणपुर : प्रखंड क्षेत्र के मंझलाडीह पंचायत अंतर्गत पड़ने वाले लोकोनियां गांव में बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर चला कर गोचर जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया. बताते चलें कि लोकोनियां गांव के दाग नंबर 3518 अनाबादि खाता संख्या 102 के गोचर जमीन पर गांव के लोग घर बनाकर वर्षों से रह रहे थे. इसे अतिक्रमणमुक्त करने को लेकर लोगों ने मुख्यमंत्री जन संवाद में शिकायत की थी.
जिसके आलोक में नारायणपुर बीडीओ सह सीओ जहीर आलम ने नोटिस जारी कर लोगों को अतिक्रमण किये गये जगहों को खाली कर करने को कहा गया. नोटिस मिलने के बाद कुछ लोगों ने अपने-अपने घरों को स्वत: तोड़ लिया. शेष बचे घरों पर प्रशासन ने बुलडोजर चला कर तोड़ कर अतिक्रमणमुक्त कराया गया. मौके पर राजस्व कर्मचारी सुकदेव राव, निरंजन कुमार मिश्र, अंचल निरीक्षक शेख इजराउल हक, थाना प्रभारी ब्रजकिशोर सिंह, एसआइ लालेश्वर पासवान, एएसआइ भुवनेश्वर प्रसाद, सुबेदार यादव, कामता प्रसाद सिंह आदि लोग उपस्थित थे.
