जामताड़ा : सदर अस्पताल से बच्चा चोरी मामले में बच्चे के अभिभावक व मां हलीमा बीबी एवं पिता बाबूजन मियां सहित सहीना बीबी, तेफुन बीबी, कलीजन बीबी, कमरुद्दीन मियां, तस्लीम अंसारी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत कर नगर थाना के एएसआइ रमानंद पर जाति सूचक शब्द कहकर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है. बताया कि घटना के दिन सूचना पर थाना से तीन पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे. उन सभी में से रमानंद पासवान का व्यवहार काफी खराब था.
बच्चा चोरी होने के मामले में उल्टे उन्हीं लोगों को वे दोषी ठहराते हुए गाली-गलौज करने लगे. वहीं उन्होंने जाति सूचक शब्द कहकर भी गाली-गलौज की. जिसके बाद सभी परिजन परेशान होकर अस्पताल के गेट समक्ष धरना पर बैठ गये. लोगों ने दोषी पुलिस पदाधिकारी के पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. वहीं मामले में एएसआइ रमानंद पासवान का कहना है कि घटना के दिन वे अस्पताल नहीं गये थे. उन पर बेबुनियाद आरोप लगाया जा रहा है.
