जमशेदपुर : गोलमुरी थाना अंतर्गत गुरुद्वारा के पास सोमवार की देर शाम युवकों ने टेल्को प्रेमनगर रोड नंबर-2 निवासी अविनाश कुमार के साथ मारपीट कर सोने की चेन, ब्रेसलेट के अलावा 26 हजार रुपये नकद लूट लिए. घटना शाम करीब 7:15 बजे की है. इस संबंध में अविनाश कुमार ने मंगलवार को गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत की है.
बेटे को ट्यूशन से लाने गये थे तभी पहुंचे बदमाश
अविनाश कुमार के अनुसार वे गोलमुरी गुरुद्वारा के पास बेटे को ट्यूशन से लाने गये थे. इसी बीच दो युवक पहुंचे और जबरन जेब में हाथ डालने लगे. मना करने पर उनलोगों ने पहले हाथापाई की. फिर जेब से 26 हजार रुपये निकाल लिये. साथ ही सोने की चेन और सोने का ब्रेसलेट निकाल लिया.
दोनों युवकों की तलाश कर रही पुलिस
सोने की चेन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये और ब्रेसलेट की कीमत करीब छह लाख रुपये है. अविनाश कुमार के अनुसार वह दोनों युवक को नहीं पहचानते हैं. उन्होंने घटना की जानकारी गोलमुरी थाना में दी. इसके बाद इलाज कराने एमजीएम अस्पताल गये. इधर, शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस दोनों युवकों की तलाश में जुटी है.
