Jamshedpur News : टाटा स्टेशन पर खाली ट्रेन से अचेत मिली महिला, सिर पर चोट के निशान, दुष्कर्म की आशंका
Copied link
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के खाली रैक से एक अज्ञात महिला अचेत अवस्था में मिली. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाये गये हैं और वह बार-बार बेसुध हो रही थी.
यार्ड ले जाने के दौरान रेल कर्मियों की पड़ी नजर, गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल रेफर, जांच में जुटी पुलिस
Jamshedpur News :
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के खाली रैक से एक अज्ञात महिला अचेत अवस्था में मिली. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाये गये हैं और वह बार-बार बेसुध हो रही थी. उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बतायी जा रही है. फिलहाल महिला अपना नाम और पता बताने की स्थिति में नहीं है और पुलिस मामले की पुलिस जांच कर रही है.
यार्ड ले जाने से पहले रेल कर्मचारियों की पड़ी नजर
जानकारी के अनुसार, हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के टाटानगर पहुंचने के बाद जब खाली रैक को यार्ड ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी रेलवे कर्मचारियों की नजर एक महिला पर पड़ी. वह कोच के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी थी. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी को दी गयी. मौके पर पहुंची रेल पुलिस ने महिला को ट्रेन से बाहर निकाला और उसके बारे में जानने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी बोलने में असमर्थ थी.
सदर अस्पताल से एमजीएम रेफर, गायनिक वार्ड में भर्ती
महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल महिला को अस्पताल के गायनिक वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.
दुष्कर्म की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
महिला की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका भी जतायी जा रही है. इस संबंध में रेल पुलिस ने डॉक्टरों से मेडिकल जांच कराने का अनुरोध किया है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा सके. टाटानगर जीआरपी ने बताया कि ट्रेन के खाली रैक से एक घायल महिला मिली है. उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद जो तथ्य सामने आयेंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए रेल पुलिस टाटानगर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ट्रेन में कब, कहां से और कैसे पहुंची तथा उसके साथ क्या अप्रिय घटना हुई है. फिलहाल महिला को होश नहीं आया है और उसकी पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं.
राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.