डीसी ऑफिस के सामने पेट्रोल लेकर पहुंचीं महिला, और फिर...

जमशेदपुर में DC कार्यालय के पास एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से उसे बचा लिया गया. महिला ने बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है.

जमशेदपुर : डीसी कार्यालय के पास रविवार शाम करीब 5 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पास के एटीएम सुरक्षा गार्ड की सूझबूझ से समय रहते माचिस व पेट्रोल की बोतल छीन ली गयी. इससे हादसा होने से टल गया. महिला सोनारी की मोनी है.

हाथ में पेट्रोल लेकर पहुंची थी महिला

घटनास्थल के पास तैनात एटीएम सुरक्षा गार्ड ने बताया - शाम के समय महिला हाथ में पेट्रोल लेकर पहुंची और अपने सिर पर उड़ेलने लगी. इसके तुरंत बाद उसने माचिस जलाने की कोशिश की. इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने दौड़कर महिला को पकड़ा और आवाज लगायी. सुरक्षा गार्ड ने तुरंत आगे बढ़कर महिला के हाथ से पेट्रोल और माचिस छीन ली.

आत्मदाह करने पहुंचीं महिला.

बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप

रोते हुए पीड़िता मोनी कुमारी ने बताया कि उनके बेटे जय यादव ने 26 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. महिला का आरोप है कि उसके बेटे का सिम्मी रजक नाम की लड़की के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था. आरोप के अनुसार लड़की द्वारा किये जा रहे मानसिक प्रताड़ना के कारण ही जय ने यह आत्मघाती कदम उठाया. घटना के वक्त भी युवक के फोन पर लड़की के कई कॉल्स आ रहे थे.

थाने पर सुनवाई न करने और मिलीभगत का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि वह न्याय की गुहार लगाने लगातार थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी पक्ष से मिली हुई है और लड़की का फोन तक जब्त कर जांच नहीं की गयी. जब भी थाने जाती हैं, उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है. मोनी कुमारी ने जिले के वरीय अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषी युवती को गिरफ्तार करने और न्याय दिलाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >