टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन द्वारा अपने कार्यकाल का विस्तार नहीं लेने की घोषणा के बाद टाटा समूह की फ्लैगशिप कंपनी टाटा स्टील और टाटा मोटर्स में हड़कंप मच गया है. सुबह जैसे ही खबर आयी, टाटा स्टील और टाटा मोटर्स में संभावित बदलावों को लेकर चर्चा शुरू हो गयी. एन चंद्रशेखरन के इस्तीफे के बाद चेयरमैन कौन होगा, इसको लेकर ज्यादा चर्चा हो रही है. बताया जाता है कि टाटा स्टील के ग्लोबल एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन को टाटा समूह में जगह दी जा सकती है.
हाल के दिनों में कंपनी की ओर से बेहतर परफार्मेस दिया गया है. इस कारण उनको टाटा समूह में योग्य ऑफिसर के तौर पर जाना जाता है. वर्ष 1988 से टाटा स्टील और टाटा समूह से नरेंद्रन जुड़े रहे हैं. उनकी ग्लोबल पहचान भी है. टाटा समूह के आगामी औद्योगिक विस्तार के लिए उनका तजुर्बा बेहद काम का है. टाटा स्टील के अलावा टाटा मोटर्स में भी इन बातों को लेकर जबरदस्त चर्चा है.
टाटा स्टील के एमडी छुट्टी पर
टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन फिलहाल छुट्टी पर हैं. इस इस्तीफा के बाद से उनसे कई लोगों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत नहीं हो पायी है. वैसे इस मामले को लेकर टाटा स्टील और टाटा समूह के कोई भी अधिकारी कुछ भी अधिकारिक तौर पर बोलने से बच रहे हैं.
नोएल टाटा युग की होगी शुरुआत
टाटा समूह और टाटा स्टील में नोएल टाटा युग की शुरुआत होने वाली है. टाटा स्टील में वाइस चेयरमैन नोएल टाटा हैं, जबकि एन चंद्रशेखरन चेयरमैन हैं. एन चंद्रशेखरन के नहीं रहने के कारण संभव है कि अब नोएल टाटा खुद अपने हाथों में कमान लें. ऐसे में नोएल टाटा युग की शुरुआत मानी जा रही है. कौन रहेगा,कौन जायेगा और क्या बदलाव हो सकता है, इन बातों पर टाटा स्टील व टाटा मोटर्स समेत टाटा समूह से जुड़ी जमशेदपुर की कंपनियों में चर्चा तेज है और सब चाहते हैं कि जल्द भविष्य को लेकर घोषणाएं कर दी जायें.
नोएल टाटा कई बार आये हैं शहर
नोएल टाटा कई बार टाटा स्टील का दौरा करने आ चुके हैं.3 मार्च के संस्थापक दिवस समारोह में वे हिस्सा ले चुके हैं.टाटा ट्रेट के चेयरमैन के तौर पर बिष्टुपुर के पीएम मॉल में खोले गये वेस्टसाइड के शोरूम का उदघाटन किया था.उनकी बेटी लिया टाटा भी संस्थापक दिवस समारोह में हिस्सा लेने आयी थीं.
