jamshedpur news : यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी दूर नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रेल यात्री संघर्ष समिति ने एरिया मैनेजर को डीआरएम के नाम सौंपा ज्ञापन

jamshedpur news : टाटानगर स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी जल्द दूर नहीं होने पर रेल यात्री संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है. इसे लेकर मंगलवार को समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह की अगुवाई में एक शिष्टमंडल ने एरिया मैनेजर को चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नाम ज्ञापन सौंपा. इस मौके पर शिवशंकर सिंह ने कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा, जिसमें यात्रियों को जोड़कर उनकी आवाज को और बुलंद किया जायेगा. साथ ही स्टेशन परिसर में जागरुकता अभियान भी चलाया जायेगा. उन्होंने कहा कि जब रेलवे के पास मालगाड़ियों के संचालन के लिए पर्याप्त आधारभूत संरचना नहीं है, तो फिर बड़ी संख्या में मालगाड़ियों का संचालन कर यात्री ट्रेनों के संचालन में बाधा क्यों उत्पन्न की जा रही है? गत दिनों जमशेदपुर के सांसद ने भी इस समस्या से रेल मंत्री को अवगत कराया था, जिस पर सुधार के निर्देश दिये गये थे. लेकिन, चक्रधरपुर मंडल के अधिकारी इसका पालन नहीं कर रहे. बिना किसी ठोस कारण के यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को रोका जा रहा है, जबकि उनकी समय-सारणी निर्धारित होती है और मालगाड़ियों की नहीं. गत 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हजारों यात्रियों की उपस्थिति में धरना-प्रदर्शन कर रेलवे प्रशासन को चेताया गया था कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो जनआक्रोश और बढ़ेगा. इसके बावजूद आज तक हालात जस के तस बने हैं. यात्रियों को घंटों ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है. प्रतिनिधिमंडल में जदयू के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, सतीश सिंह, प्रदीप सिंह भोजपुरिया, मनोज ठाकुर, सन्नी परिहार, अमित मैती व सन्नी सिंह शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

AKHILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >