jamshedpur news : झारखंड में शिक्षकों की गुणवत्ता का होगा आकलन

टीएनए राउंड-3 की परीक्षा के लिए 22 अप्रैल से होगा रजिस्ट्रेशन

jamshedpur news : राज्य में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने टीचर नीड्स असेसमेंट राउंड-3 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता का आकलन कर उनकी प्रशिक्षण आवश्यकताओं की पहचान करना है, ताकि उन्हें जरूरत के अनुरूप क्षमता विकास कार्यक्रमों से जोड़ा जा सके. जारी निर्देशों के अनुसार, इस चरण के लिए शिक्षकों का ऑनलाइन पंजीकरण 22 अप्रैल से शुरू होकर 5 मई तक चलेगा. इसके बाद राज्यभर में 12, 13 और 14 मई को परीक्षा आयोजित की जायेगी. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली 12:30 से 3:00 बजे तक, जबकि प्रत्येक पाली के शुरुआती 30 मिनट ओरिएंटेशन के लिए निर्धारित किये गये हैं. परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले प्रतिभागियों को लॉगिन कोड उपलब्ध कराया जायेगा. दो घंटे की इस परीक्षा में कुल 60 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जायेंगे. विभाग ने विशेष रूप से पिछले 6 से 8 महीनों के भीतर नियुक्त हुए करीब 10,000 शिक्षकों के लिए इस आकलन में शामिल होना अनिवार्य कर दिया है. सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि इन शिक्षकों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी भागीदारी में कोई कमी न रहे. टीएनए राउंड-3 में राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षक, सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक), सहायक आचार्य के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक शामिल होंगे. इससे राज्य की स्कूली शिक्षा प्रणाली का व्यापक मूल्यांकन संभव हो सकेगा. इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अप्रैल माह के भीतर शिक्षकों के डेटा का पूर्ण सत्यापन कर लेने को कहा गया है. साथ ही, सेवानिवृत्त या सेवा छोड़ चुके शिक्षकों के नाम पोर्टल से हटाने की प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

AKHILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >