जमशेदपुर: शिक्षक दिवस के मौके पर झारखंड सरकार राज्य की दो उत्कृष्ट शिक्षिकाओं को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करने जा रही है. इस बार पूर्वी सिंहभूम की रंजीता गांधी और पश्चिमी सिंहभूम की शिल्पा गुप्ता को इस सम्मान के लिए चुना गया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने पुरस्कार समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं.
दोनों शिक्षिकाओं के नाम राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए भी अनुशंसित किये गये थे. हालांकि, अंतिम चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है. वहीं, राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए जिलों से नामांकित किये गये अन्य शिक्षकों को जिलास्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा.
पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम की शिक्षिकाओं को सम्मान
पूर्वी सिंहभूम की रंजीता गांधी जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बर्मामाइंस में शिक्षिका हैं. वहीं, पश्चिमी सिंहभूम की शिल्पा गुप्ता एमएल रुंगटा प्लस टू स्कूल, चाईबासा में कार्यरत हैं. दोनों शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया जायेगा.
पुरस्कार में क्या-क्या मिलेगा?
राज्य शिक्षक पुरस्कार के तहत दोनों शिक्षिकाओं को 25-25 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जायेगी. इसके साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भी प्रदान किया जायेगा. धनबाद की शिक्षिका का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन
इधर, धनबाद के बरमसिया की शिक्षिका मुनमुन भट्टाचार्जी का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है. शिक्षक दिवस के अवसर पर देशभर के चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जायेगा.
