जमशेदपुर : जुगसलाई थाना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब किन्नरों का एक गुट पहुंच गया और हंगामा करने लगा. किन्नर समाज के आक्रोश को देखकर पुलिस भी सहम गयी. इस दौरान किन्नरों ने जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की.
क्यों आक्रोशित हुये किन्नर
बताया जाता है कि पिछले दिनों जुगसलाई के गौरीशंकर रोड निवासी एक किन्नर के साथ दो बदमाशों ने मारपीट की थी. साथ ही पर्स की छिनतई भी कर ली थी. इसके बाद बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा था. किन्नरों का आरोप है कि बदमाशों को पुलिस ने छोड़ दिया. कोई काईवाई नहीं की. इसी से आहत होकर किन्नर समाज के लोग शुक्रवार को जुगसलाई थाना आ गये. इसके बाद जमकर हंगामा किया.
पुलिस पर पैसा लेकर बदमाश को छोड़ने का लगाया आरोप
किन्नरों ने पुलिस पर पैसा लेकर बदमाश को छोड़ने का आरोप लगाया है. किन्नरों के हंगामे को देखते हुये पुलिस अधिकारियों ने उनसे बातचीत की. इसके बाद आश्वासन दिया कि जल्द बदमाश को गिरफ्तार किया जायेगा. इसके बाद किन्नर समाज के लोग शांत हुये. उन्होंने कहा - अगर बदमाश को जल्द गिरफ्तार नहीं किया जायेगा तो वे एक बार फिर थाना पहुंचकर हंगामा करेंगे. किन्नरों के हंगामे के बाद बदमाशों को पकड़कर पुलिस थाना लेकर आई. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
