Jamshedpur News : घटनास्थल से बरामद हथियार विनय का, साथी से पुलिस कर रही पूछताछ, सीन किया गया रीक्रिएट

Jamshedpur News : 20 अप्रैल को एमजीएम थाना क्षेत्र के गौड़गोड़ा में खेत में गोली लगने से हुई क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की मौत की गुत्थी धीरे-धीरे सुलझती जा रही है.

जमीन विवाद और आपसी रंजिश में हत्या की बात आ रही सामने

रेकी होने के बाद से आत्मरक्षा के लिए हथियार लेकर चल रहे थे विनय सिंह

विवाद के बाद हाथापाई होने पर विनय को लगी गोली, जल्द ही केस का उद्भेदन करेगी पुलिस

Jamshedpur News :

20 अप्रैल को एमजीएम थाना क्षेत्र के गौड़गोड़ा में खेत में गोली लगने से हुई क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की मौत की गुत्थी धीरे-धीरे सुलझती जा रही है. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि यह मामला आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का है.पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि जिस पिस्तौल से विनय सिंह को गोली लगी थी, वह पिस्तौल उन्हीं की थी और वे इसे आत्मरक्षा के उद्देश्य से साथ रख रहे थे. कुछ दिनों से उनकी रेकी होने की आशंका थी, जिसकी शिकायत उन्होंने डीएसपी से भी की थी. इसके बाद उनके एक करीबी मित्र ने उन्हें यह अवैध हथियार उपलब्ध कराया था. पुलिस उस मित्र से भी पूछताछ कर रही है.घटना के दिन विनय सिंह को एक व्यक्ति ने फोन कर गौड़गोड़ा बुलाया था. वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ा कि बात हाथापाई तक पहुंच गयी. इसी दौरान गोली चल गयी, जिससे विनय सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी.

हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गयी

पुलिस का मानना है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गयी थी. आरोपी ने गोली चलने के बाद हथियार विनय के हाथ में फंसा दिया, ताकि यह प्रतीत हो कि उन्होंने खुद को गोली मारी है. इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने मोबाइल से कॉल डिटेल भी डिलीट कर दिये, जिससे पुलिस को यह पता न चले कि उसने विनय को कॉल किया था. हालांकि, पुलिस की टेक्निकल टीम ने कॉल डिटेल्स को रिकवर कर लिया है और मोबाइल नंबर की लोकेशन रांची पायी गयी. उक्त मोबाइल नंबर रांची के एक युवक का निकला. यह नंबर एक जमीन कारोबारी इस्तेमाल कर रहा था, जिससे पुलिस ने पूछताछ कर रही है.पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्या में कोई पेशेवर शूटर शामिल नहीं हैं, बल्कि यह घटना आपसी रंजिश और जमीन विवाद का परिणाम है. विनय सिंह और कुछ स्थानीय जमीन कारोबारियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था.

ग्रामीण एसपी ने किया घटनास्थल का सीन रीक्रिएट

बुधवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी वचनदेव कुजूर और एमजीएम थाना प्रभारी रामबाबू मंडल ने घटनास्थल का सीन रीक्रिएट किया. इस दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं. घटनास्थल से कुछ दूरी पर भी कुछ वस्तुएं मिली है, जिनकी जांच की जा रही है. एफएसएल टीम द्वारा विनय सिंह के हाथों के फिंगरप्रिंट लिये गये हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पिस्तौल चलाने वाला वास्तव में कौन था. इस मामले में पुलिस जमीन कारोबारी अमित श्रीवास्तव उर्फ जॉनी और विनय सिंह के कुछ करीबी सहयोगियों से भी पूछताछ कर रही है.मृतक की पत्नी रीना सिंह ने एमजीएम थाना में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >