जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रबंधन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक बोनस के भुगतान की आधिकारिक घोषणा कर दी है. इसके अनुसार, कर्मचारियों के बैंक खाते में बोनस राशि 11 सितंबर को भेज दी जायेगी. कंपनी के चीफ रेवेन्यू एकाउंट्स एंड एम्प्लोयी बेनिफिट्स अवनीश अरुण के हस्ताक्षर से जारी सर्कुलर के अनुसार, इस वर्ष बोनस मद में कुल 315.00 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है. सर्कुलर के अनुसार, जमशेदपुर प्लांट (ट्यूब्स डिविजन व ग्रोथ शॉप सहित), टीएसके, मार्केटिंग एंड सेल्स, वायर डिविजन (जमशेदपुर), तारापुर वायर प्लांट 1 व 2, बिष्णुपुर, रांची व भुवनेश्वर स्थित कार्यालय, माइंस व खदान डिविजन, टिनप्लेट डिविजन, मेटलिक्स डिविजन, टाटा स्टील गम्हरिया और जोडा स्पंज आयरन के सभी पात्र स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों को बोनस मिलेगा.
इस बोनस योजना के दायरे में नहीं आयेंगे अप्रेंटिस ट्रेनीज
बोनस पाने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कम से कम 30 कार्य दिवस की उपस्थिति अनिवार्य है. अप्रेंटिस ट्रेनीज इस बोनस योजना के दायरे में नहीं आयेंगे. कंपनी नियमावली के तहत धोखाधड़ी, हिंसक आचरण, चोरी, संपत्ति को नुकसान और यौन उत्पीड़न के मामलों में दोषी पाकर बर्खास्त किये गये कर्मचारियों को बोनस राशि देय नहीं होगी.
ऐसे होगी बोनस की गणना
कर्मचारियों को बोनस का भुगतान
कुल बोनस राशि (315 करोड़ रुपये) को कुल बोनसेबल अमाउंट (1686.92 करोड़) से विभाजित कर व्यक्तिगत बोनसेबल बेसिक डीए के अनुपात में किया जायेगा. यह राशि कोड ऑन वेज, 2019 के तय मापदंडों के अनुसार रहेगी.
प्रमोटेड अधिकारियों (आइएल-6 & ओएल) के लिए नियम
1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच आइएल-6 और ऑफिसर लेवल (ओएल) ग्रेड में पदोन्नत हुए कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 25-26 का बोनस नहीं मिलेगा. इसके बदले उन्हें सुपरएनुएशन फंड का लाभ मिलेगा. हालांकि, 1 अप्रैल या उसके बाद प्रमोट हुए कर्मचारी बोनस के हकदार होंगे. बोनस राशि निकटतम रुपये में राउंड ऑफ की जायेगी. 49 पैसे तक की राशि छोड़ दी जायेगी, जबकि 50 पैसे या उससे अधिक होने पर इसे 1 रुपया माना जायेगा. ऑन-रोल कर्मचारियों का बोनस सीधे उनके वेतन वाले बैंक खाते में भेजा जायेगा. इएसएस, एसबीकेवाइ, जेएफजे या अन्य योजनाओं के तहत कंपनी से अलग हुए कर्मचारियों को भी बैंक खाते में बोनस दिया जायेगा (बशर्ते उन्होंने बिना अनुमति के कंपनी का क्वार्टर न रखा हो). दिवंगत कर्मचारियों के बोनस का भुगतान उनके नामांकित व्यक्ति (नॉमिनी) को किया जायेगा. बोनस राशि से नियमानुसार आयकर की कटौती की जायेगी. जिन कर्मचारियों का पैन आधार से लिंक न होने के कारण निष्क्रिय है या जिन्होंने पैन जमा नहीं किया है, उन्हें पैन विवरण और आधार लिंकिंग की सही जानकारी देने के 7 कार्य दिवसों के भीतर ही बोनस का भुगतान किया जायेगा.
