शिलान्यास या करार में अटकी योजनाएं एक सप्ताह में शुरू हों : डीडीसी

अनाबद्ध निधि, एमपी-एमएलए फंड, डीएमएफटी, सीएसआर, पर्यटन और तकनीकी विभाग अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक

अनाबद्ध निधि , एमपी-एमएलए फंड, डीएमएफटी, सीएसआर सहित सभी लंबित योजनाओं पर हुई समीक्षा

(फोटो 21 डीडीसी 1,2)

मुख्य संवाददाता, जमशेदपुर

पूर्वी सिंहभूम जिले में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपविकास आयुक्त (डीडीसी) अनिकेत सचान की अध्यक्षता में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अनाबद्ध निधि, सांसद-विधायक निधि, डीएमएफटी, सीएसआर, पर्यटन और तकनीकी विभागों के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा की गयी.

बैठक में डीडीसी श्री सचान ने विभागवार योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और सभी अपूर्ण योजनाओं को तय समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी योजनाएं सीधे तौर पर आमजन से जुड़ी हैं जैसे स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, पुल-पुलिया, सड़क निर्माण और अन्य आधारभूत संरचनाएं. डीडीसी ने खास तौर पर उन योजनाओं का जिक्र किया जो शिलान्यास या एकरारनामा में देरी के कारण अटकी हुई हैं. उन्होंने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि ऐसी योजनाओं का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराया जाए और संवेदकों से अनुबंध के अनुसार कार्य सुनिश्चित कराया जाए.

डीडीसी ने यह भी कहा कि जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत, नए भवनों का निर्माण, सामुदायिक भवन और पुल-पुलिया निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए. उन्होंने बरसात से पहले अधिकतम कार्य पूरे करने पर बल दिया और निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं को हैंडओवर भी कराया जाए. सभी कार्यों में निर्माण मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया. बैठक में डीडीसी के साथ एडीसी भगीरथ प्रसाद, जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: KUMAR ANAND

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >