Jamshedpur News: झारखंड के सोनारी एयरपोर्ट पर जहाज उड़ने के बजाए सियार घूमते नजर आते हैं. जिला प्रशासन की नींद तब खुली, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जमशेदपुर आना है. पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की जमशेदपुर यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. 26 फरवरी को राष्ट्रपति के आगमन से पहले सोनारी हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं. इसी सिलसिले में एयरपोर्ट के एरिया में घूमने वाले सियारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है.
उपायुक्त का वन विभाग को निर्देश
जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) को चिट्ठी लिखकर निर्देश दिया है कि राष्ट्रपति के दौरे से पहले सोनारी एयरपोर्ट परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए. चिट्ठी में विशेष रूप से एयरपोर्ट के आसपास घूमने वाले सियारों को हटाने की आवश्यकता बताई गई है. डीएफओ सबा आलम अंसारी ने जानकारी दी कि वन विभाग इस अभियान को गंभीरता से ले रहा है और स्थानीय टाटा स्टील प्राणी उद्यान की मदद से सियारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा. इसके लिए विशेष टीम गठित की जा रही है.
रनवे पर बेखौफ घूमते सियार
सोनारी एयरपोर्ट और उसके आसपास के क्षेत्रों में सियारों की मौजूदगी लंबे समय से देखी जा रही है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार ये सियार दिन के समय भी रनवे और कैंपस में घूमते नजर आते हैं. राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर लैंडिंग कार्यक्रम को देखते हुए इसे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया है. प्रोटोकॉल के अनुसार राष्ट्रपति रांची से हेलीकॉप्टर के जरिए सोनारी हवाई अड्डे पर उतरेंगी. ऐसे में रनवे और आसपास का इलाका पूरी तरह सुरक्षित और वन्यजीव मुक्त होना आवश्यक है.
गृह मंत्रालय ने दिए कड़े निर्देश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गृह मंत्रालय ने भी जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. राष्ट्रपति के आगमन से पहले रनवे को पूरी तरह ‘सियार मुक्त’ करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि किसी भी प्रकार की वन्यजीव गतिविधि हवाई संचालन के दौरान जोखिम पैदा कर सकती है. इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जा रहा है.
टाटा स्टील, जुस्को और जेएनएसी की संयुक्त पहल
दिल्ली से निर्देश मिलते ही जमशेदपुर प्रशासन सक्रिय हो गया है. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, टाटा स्टील और जुस्को की संयुक्त टीम को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. विशेषज्ञों की मदद से सियारों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने, घेराबंदी करने और जंगल क्षेत्र में स्थानांतरित करने की योजना तैयार की गई है. वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान किसी भी वन्यजीव को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा.
भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट के भूमि पूजन एवं आधारशिला कार्यक्रम में शामिल होंगी. इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है. सोनारी एयरपोर्ट को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बड़कागांव पहुंचे मॉरीशस के पूर्व उप प्रधानमंत्री की बेटी-दामाद, रांची एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
राष्ट्रपति के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर प्रशासन कोई भी चूक नहीं चाहता. यही कारण है कि एयरपोर्ट परिसर में घूम रहे सियारों को हटाने की कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो.
इसे भी पढ़ें: सिविल कोर्ट के बाद अब रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस छावनी बना डीसी ऑफिस
