जमशेदपुर : टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट ने अपने कर्मचारियों के योग्य बच्चों को उच्च शिक्षा में मदद के लिए 'टाटा मोटर्स उत्कर्ष स्कॉलरशिप प्रोग्राम' की शुरुआत की है. टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के एचआर हेड प्रणव कुमार के हस्ताक्षर से सर्कुलर जारी किया है. कंपनी की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के प्रतिभावान बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनका भविष्य संवारना है. कंपनी प्रबंधन ने सभी योग्य कर्मचारियों से अपील की है कि समय सीमा समाप्त होने से पहले अपना आवेदन जमा कराये. ताकि बच्चों को इस योजना का पूरा लाभ मिल सके.
क्या है पात्रता
टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के सभी स्थायी और प्रोबेशनर तकनीशियन इस स्कॉलरशिप के लिए अपने बच्चों का आवेदन कर सकते हैं. यह छात्रवृत्ति विशेष रूप से छात्राओं (लड़कियों), ट्रांसजेंडर और विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांग) बच्चों के लिए तैयार की गयी है. छात्रवृत्ति की राशि और जरूरी शर्तें वार्षिक छात्रवृत्ति: 10वीं या 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए चयनित बच्चों को हर साल 25,000 की सहायता राशि दी जायेगी. आवेदक का देश या विदेश में किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या एआईसीटीई-समतुल्य संस्थान में एडमिशन होना अनिवार्य है. अंक प्रतिशत: छात्र/छात्रा का 10वीं या 12वीं की परीक्षा में कम से कम 60% अंक लाना जरूरी है.
कैसे करें आवेदन
फॉर्म प्राप्त करें : इच्छुक कर्मचारी अपने डिपार्टमेंट के ईआर मैनेजर या सेंट्रल एस्टेब्लिशमेंट से आवेदन फॉर्म ले सकते हैं.
कागजात संलग्न करें : फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरने के बाद सभी आवश्यक शैक्षणिक व अन्य दस्तावेज साथ में जोड़ें.
फॉर्म जमा करें : तैयार फॉर्म को सेंट्रल एस्टेब्लिशमेंट ऑफिस में बनाये गये 'टीएमजीएसएल एसपीओसी' काउंटर पर जमा करना होगा.
अंतिम तिथि : आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर 2026 रखी गयी है.
