जमशेदपुर. ग्रामीण इलाकों में साफ-सफाई को बढ़ावा देने और हर घर में शौचालय की सुविधा पहुंचाने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (जमशेदपुर) ने अच्छी पहल की है. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत अब गांव के जरूरतमंद परिवारों को अपने घर में पक्का शौचालय बनाने के लिए सरकार की तरफ से 12 हजार रुपये की मदद दी जायेगी. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (जमशेदपुर) के कार्यपालक पदाधिकारी शिव कुमार दिनकर ने पात्र ग्रामीणों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द आवेदन करें और योजना का लाभ उठाकर अपने घर में शौचालय जरूर बनवायें.
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (जमशेदपुर) के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि लोग दो तरीकों से योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. पहला, स्वच्छ भारत मिशन की वेबसाइट sbm.gov.in/sbm_dbt/secure/login.aspx पर जाकर खुद से फॉर्म भर सकते हैं. दूसरा, अपने गांव के मुखिया या जल सहिया के पास आधार कार्ड और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी जमा करके फॉर्म भरवा सकते हैं.
पैसे कैसे मिलेंगे
लाभुक को अपने घर में दो गड्ढे वाला (डबल पिट) पक्का शौचालय बनाना होगा. काम पूरा होने के बाद गांव के मुखिया और जल सहिया आकर जांच करेंगे और सत्यापन पत्र विभाग को भेजेंगे. जांच पूरी होते ही डीबीटी के जरिये लाभुक के बैंक खाते में 12 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिये जायेंगे.
ये भी पढ़ें: हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी में नेतृत्व परिवर्तन, जानें किन्हें मिली कमान, फ्लावर शो को लेकर ये है अपडेट...
इन्हें मिलेगा लाभ
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) के परिवार जहां घर की मुखिया महिला हैं. दिव्यांग मुखिया वाले परिवार, छोटे और सीमांत किसान परिवार. ऐसे गरीब परिवार जिन्हें पहले किसी भी सरकारी योजना से शौचालय का लाभ नहीं मिला हो.
ये भी पढ़ें: जमशेदपुर में यहां दिखा ये रहस्यमयी जीव, मचा हड़कंप, देखें तस्वीरें...
