जमशेदपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद), झारखंड प्रदेश इकाई ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले की सभी कमेटियों को भंग कर दिया है. राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव के आदेश से मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया गया.
जारी पत्र के अनुसार राष्ट्रीय जनता दल की पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला खरसावां जिला कमेटी सहित सभी प्रकोष्ठों की कमेटियों को अगले आदेश तक के लिए तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.
इस निर्णय की सूचना झारखंड राजद प्रभारी एवं पूर्व मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव को भी भेजी गयी है. पार्टी के इस फैसले के बाद से दोनों जिलों के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गयी है. माना जा रहा है कि संगठन को नये सिरे से मजबूती देने के उद्देश्य से जल्द ही नयी कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. पिछले साल जुलाई में शंभू नाथ चौधरी को पूर्वी सिंहभूम जिला राजद का जिला अध्यक्ष चुना गया था. जबकि सरायकेला खरसावां राजद जिला अध्यक्ष बैजू यादव बनाये गये थे.
