गालूडीह : अगर आपका मोबाइल चोरी या गुम हो जाए तो घबराएं नहीं. आप गुम हुए मोबाइल की जानकारी सीइआइआर पोर्टल में दें. यहां से आपको तुरंत मोबाइल मिल जाएगा. गालूडीह थाना परिसर में शुक्रवार को थाना प्रभारी अंकु कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें सीइआइआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन से संबंधित मामलों के निपटारे की जानकारी दी. थाना प्रभारी ने अधिकारियों को पोर्टल के उपयोग, शिकायतों की प्रक्रिया और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
बरामदगी की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर दिया जोर
इस दौरान चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी सीइआइआर पोर्टल पर दर्ज कराने व बरामदगी की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर दिया. थाना प्रभारी ने अधिकारियों से कहा - आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें. पोर्टल पर दर्ज मामलों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. थाना प्रभारी ने पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतने और तकनीकी माध्यमों का बेहतर उपयोग करने की बात कही.
