जमशेदपुर : शहर में अपराध पर नजर रखने और इलाके में पेट्रोलिंग के लिए निकली सिदगोड़ा थाना की पुलिस वैन शनिवार को खुद ही मुसीबत में फंस गयी. सिदगोड़ा स्थित अमल संघ मैदान में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की गाड़ी कीचड़ में इस कदर फंस गयी कि करीब एक घंटे तक उसे बाहर निकालने की कोशिश होती रही. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की मदद की और धक्का लगाकर पुलिस वैन को कीचड़ से बाहर निकाला.
गश्त के दौरान कीचड़ वाले हिस्से में जाकर फंसी वैन
शनिवार को सिदगोड़ा थाना की पुलिस वैन इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान अमल संघ मैदान में वाहन कीचड़ वाले हिस्से में चली गयी. मैदान में बारिश के कारण मिट्टी गीली और दलदली हो गयी थी. जैसे ही वाहन आगे बढ़ा, उसके पहिये कीचड़ में धंस गये और वैन वहीं फंस गयी.
लोगों के प्रयास से निकली वैन
पुलिसकर्मियों ने वाहन को निकालने का प्रयास किया, लेकिन पहिये लगातार कीचड़ में धंसते चले गये. काफी प्रयास के बाद भी जब पुलिस वैन बाहर नहीं निकल सकी, तो आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया. स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर वाहन को धक्का लगाया. सामूहिक प्रयास के बाद करीब एक घंटे की मशक्कत से पुलिस वैन को कीचड़ से बाहर निकाला जा सका.
