वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
साकची स्थित सीसीआर परिसर में शनिवार को जमशेदपुर पुलिस और ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये. कार्यक्रम में एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने यातायात, टैंगो मोबाइल और शक्ति कमांडो में प्रतिनियुक्त 200 पुलिसकर्मियों के बीच रेनकोट का वितरण किया.
एसएसपी ने कहा कि मौसम में बदलाव और बारिश के दौरान ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए यह पहल की गयी है. उन्होंने बताया कि अब सीसीआर परिसर में प्राथमिक उपचार किट हमेशा उपलब्ध रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता दी जा सके. यह किट ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल की ओर से प्रदान की गयी है. इसके साथ ही उन्होंने पुलिस अस्पताल का निरीक्षण किये जाने की बात कही और इसे अधिक बेहतर बनाने के लिए चल रही तैयारियों की जानकारी दी. वहीं, ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर ए धर्मा राव और उनकी पूरी टीम ने कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट की महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जो आपात स्थिति में जीवन बचाने के लिए बेहद उपयोगी हैं. इसके साथ ही यह घोषणा की गयी कि राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत अब झारखंड के पुलिसकर्मियों और उनके आश्रितों को ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल, जमशेदपुर में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा. पुलिसकर्मियों के हित में उठाये गये इन कदमों के लिए एसएसपी ने ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया.
