jamshedpur news : पूर्वी सिंहभूम नक्सलमुक्त, पर पुलिस को अब भी फरार नौ नक्सलियों की तलाश

पुलिस मुख्यालय ने नौ नक्सलियों के नाम सूची से हटाये, 49 पर 5.20 करोड़ का इनाम घोषित

jamshedpur news : पूर्वी सिंहभूम पूर्ण रूप से नक्सलमुक्त जिला घोषित हो चुका है. लेकिन, पुलिस को अब भी फरार नौ नक्सलियों की तलाश है. इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय की ओर से जिले के फरार नक्सलियों पर इनाम राशि की घोषणा की गयी है.

हालांकि, पूर्व में पुलिस मुख्यालय की ओर से राज्यभर में 58 नक्सलियों के खिलाफ इनाम की राशि की घोषणा की गयी थी. लेकिन, वर्तमान में उसे घटाकर 49 नक्सलियों के खिलाफ इनाम की घोषणा की गयी है. इनमें नौ नक्सलियों पर पूर्वी सिंहभूम में कई केस दर्ज हैं. जमशेदपुर पुलिस को अब भी इन नक्सलियों की तलाश है. जिला पुलिस की ओर से कई बार इनके घर की कुर्की भी की जा चुकी है. पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी इनाम की राशि में एक करोड़ के इनामी अनल दा समेत नौ नक्सलियों के नाम लिस्ट से हटाये गये हैं. पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी इनाम में सेंट्रल कमेटी मेंबर बेलपहाड़ी दस्ता का असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर पर एक करोड़ के इनाम की घोषणा है. इसके अलावा पोलित ब्यूरो मेंबर मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल जी पर एक करोड़ रुपये इनाम की घोषणा है.

बेला, सचिन और मदन पर 15-15 लाख व शकुंतला पर 10 लाख का इनाम

पुलिस मुख्यालय की ओर से पूर्वी सिंहभूम के पटमदा के झुझका निवासी राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन, पश्चिम मिदनापुर सालबनी निवासी मदन महतो और बेला सरकार उर्फ पंचमी उर्फ दीपा सरकार उर्फ संध्या विशावस पर पर 15-15 लाख रुपये इनाम की घोषणा की गयी है. इसके अलावा पुष्पा महतो उर्फ शकुंतला पर 10 लाख रुपये का इनाम है, जबकि समीर महतो उर्फ मंगल, बिरेन सिंह उर्फ सागर और मिना पर पांच-पांच लाख रुपये इनाम की घोषणा की गयी है. वहीं, मालती मुर्मू पर दो लाख रुपये इनाम की घोषणा है. समीर सोरेन का नाम लिस्ट से हटा दिया गया है.

राज्य में 49 नक्सली हैं सक्रिय

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, अभी राज्य में 49 नक्सली सक्रिय हैं. इनकी तलाश के लिए राज्य सरकार ने 5.20 करोड रुपये इनाम की घोषणा की है. इनमें सीपीआइ माओवादी के 42, जेजेएमपी के 3, पीएलएफआइ व टीपीसी के दो-दो नक्सलियों के नाम शामिल है. मुख्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि नक्सलियों के संबंध में जानकारी देने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

AKHILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >