पटमदा : पटमदा के बेलटांड़ मोड़ पर रविवार रात 9 बजे मैजिक वाहन चालक साधन कुमार कैबर्त (48) द्वारा भाड़ा मांगने पर पांच नामजद समेत सात युवकों ने लात और घूसे से बेरहमी से पीट पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. युवकों द्वारा मारपीट कर रुपये और जरूरी दस्तावेज छीन लिया. इस मामले में मंगलवार को बिड़रा निवासी साधन कैबर्त ने पटमदा थाना में लिखित शिकायत देकर पांच नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ कांड संख्या 16/26 के तहत दिनांक 8 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.
टाटा से यात्रियों को लेकर लौट रहे थे घर
साधन के अनुसार वह मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. रविवार की रात करीब नौ बजे टाटा से यात्रियों को लेकर घर लौट रहे थे. बेलटांड़ मोड़ पर दो यात्रियों को उतारने के बाद उन्होंने निर्धारित किराया मांगा. दो यात्रियों में से एक ने किराया देने से इनकार करते हुए उन्हें धमकी दी और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया. इससके बाद लावा (बेलटांड़) निवासी सूरज सिंह, महेश दास, मनोज दास, सोमनाथ मोदक, सोनू प्रमाणिक समेत अन्य दो लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. लात-घूंसों से पिटाई के कारण उनकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए.
किसी तरह जान बचाकर भागे
इसके बाद किसी तरह वहां से जान बचाकर निकलने के बाद उन्होंने रांगाटांड़ के पास वाहन खड़ा किया और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद बेहोश हो गए. परिजनो ने उन्हें इलाज के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. यहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज कराने के बाद मंगलवार को साधन कुमार कैबर्त ने पटमदा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराया. पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है एवं आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस का छापेमारी अभियान जारी है.
