Jamshedpur: कोल्हान में पहले यात्री ट्रेन गुजरेगी, फिर मालगाड़ी को मिलेगा पास, रेलवे की बड़ी पहल

Jamshedpur: कोल्हान क्षेत्र में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू की है. अब पहले यात्री ट्रेन को पास दिया जाएगा, उसके बाद मालगाड़ी की आवाजाही होगी. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

Jamshedpur: कोल्हान में पहले यात्री गाड़ी ट्रैक से गुजरेगी, उसके बाद ही मालगाड़ी को पास मिलेगा. दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार जैन ने बुधवार को रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया. टाटानगर स्टेशन के दौरे पर आये जीएम ने रेल यात्री संघर्ष समिति के संरक्षक व विधायक सरयू राय, संयोजक शिवशंकर सिंह समेत पूरी टीम के साथ बैठक की. इसमें ट्रेनों के लेटलतीफी का मुद्दा प्रमुखता से उठा. सरयू राय ने पिछले डेढ़ महीने में यात्री ट्रेनों की देरी के रिकॉर्ड को रखा और कहा कि आश्वासन के बाद भी गाड़ियां देर से चल रही हैं.

इस पर जीएम ने रेलवे द्वारा किये जा रहे उपायों को बताया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आदेश दिया कि किसी भी यात्री ट्रेन को विलंब नहीं कराना है, समय पर चलाना है. जीएम ने जमशेदपुर में एक कमर्शियल पीआरआई (पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर) की नियुक्ति का भी निर्देश दिया और कहा कि कमर्शियल पीआरआई सुधारों को जनता तक नियमित पहुंचायेंगे और समय-समय पर जनता से संवाद करेंगे. उन्होंने कुछ ट्रेनों की सूची भी मांगी, जिसे वहां समिति के सदस्यों ने तुरंत उपलब्ध करायी.

एक सप्ताह तक देखेंगे, फिर फैसला लेंगे : विधायक

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सरयू राय ने कहा कि जीएम ने हमारे मामले पर संज्ञान लिया है. एक सप्ताह तक हम लोग देखेंगे कि सुधार होता है या नहीं, फिर आगे की रणनीति तय करेंगे. हमारा उद्देश्य है कि ट्रेनें समय से चलायी जायें, ताकि यात्रियों को दिक्कत नहीं हो.

सांसद से विधायक ने ली चुटकी, खूब लगे ठहाके

विधायक सरयू राय ने जब मीटिंग रूम में इंट्री की, तो सांसद विद्युत वरण महतो पहले से मौजूद थे. इस दौरान सरयू राय ने चुटकी लेते हुए सांसद से कहा कि वे किसके तरफ से हैं, रेलवे या जनता की ओर. इस पर सभी ने जोरदार ठहाका लगाया, सांसद ने कहा कि हम तो दोनों ओर से हैं.

साउथ इस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन ने जीएम को सौंपा ज्ञापन

टाटानगर स्टेशन पर रेल जीएम से ट्रेड यूनियन नेताओं ने मुलाकात की. साउथ इस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन ने जीएम को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की. इनमें सभी लोकोमोटिव के ड्राइविंग कैब को एसी किये जाने, लंबित प्रोमोशन व रिक्त पदों पर बहाली करने, एचआरए बढ़ाने, रेलवे अस्पतालों में डॉक्टर की कमी दूर करने, रनिंग रूम में भोजन की व्यवस्था, रेलवे आवास को दुरुस्त करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं. ज्ञापन सौंपने वालों में मंडल संयोजक एमके सिंह, जवाहरलाल समेत अन्य लोग थे.

ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ भी मिला

रेल जीएम से ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ के महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और पांच सूत्री मांगों का पत्र सौंपा. इसमें दक्षिण-पूर्व रेलवे के प्रत्येक मंडल में शहीद रेल कर्मचारियों की याद में शहीद मेमोरियल स्मारक का निर्माण करवाने व अन्य मांगें शामिल हैं.

ये भी पढ़ें…

Jamshedpur News. बकरीद पर शांति और सौहार्द बनाये रखने के लिए कदमा में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में नामांकन शुरू, 12 जून तक आवेदन की अंतिम तिथि

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >