Jamshedpur News : जमशेदपुर में बनेगी नयी समाहरणालय बिल्डिंग, चार संभावित स्थलों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिला सृजन के 35 सालों के बाद सरकारी या लीज जमीन पर नया डीसी ऑफिस (जिला समाहरणालय) बनाने की पहल शुरू हुई है.

बिष्टुपुर गोपाल मैदान, मरीन ड्राइव कचरा डंपिंग एरिया समेत चार संभावित स्थलों का निरीक्षण

डीडीसी, एडीसी, जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त ने संभावित जगहों का लिया जायजा

बिष्टुपुर में जिला मुख्यालय बनना तय हुआ, तो गोपाल मैदान और जिला समाहरणालय का बदल जायेगा स्थान

सर्किट हाउस एरिया में डीसी, एसएसपी, एसपी समेत अन्य वरीय अधिकारियों का आवास बनाने की संभावना

वर्तमान में टाटा स्टील द्वारा दिये आवास में डीसी, एसएसपी, एसपी, एडीसी, समेत अन्य वरीय अधिकारी रहते हैं

Jamshedpur News :

पूर्वी सिंहभूम जिला सृजन के 35 सालों के बाद सरकारी या लीज जमीन पर नया डीसी ऑफिस (जिला समाहरणालय) बनाने की पहल शुरू हुई है. इसके लिए डीसी कर्ण सत्यार्थी के निर्देश से मंगलवार को वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के टीम ने बिष्टुपुर गोपाल मैदान (रीगल मैदान), मरीन ड्राइव कचरा डंपिंग एरिया समेत कुल चार संभावित जगह का निरीक्षण किया. चूंकि शहर के बीचों-बीच गोपाल मैदान है, इसमें आये दिन सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक सभा, खेल आदि का आयोजन होने पर शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है. कई बार ऐसे कार्यक्रमों के कारण ट्रैफिक को बंद भी ऐहतियातन बंद करना पड़ता है. इन समस्याओं को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए गोपाल मैदान को शहर के बाहर शिफ्ट करने की योजना पर चर्चा की गयी. समाहरणालय बिल्डिंग के लिए पहली संभावित जगह के रूप में गोपाल मैदान को अधिकारियों ने उपयुक्त बताया. यहां 16-17 एकड़ जमीन है. जिसमें राज्य के अन्य जिलों की तरह यहां भी समाहरणालय भवन तैयार हो सकेगा, जहां एक ही छत के नीचे सभी विभागों का कार्यालय होगा. साथ ही पार्किंग की भी कोई समस्या नहीं होगी. वर्तमान में सभी विभागों का कार्यालय अलग-अलग बिल्डिंग में संचालित है. प्रशासनिक अधिकारियों ने समाहरणालय बिल्डिंग के लिए दूसरी संभावित जगह के रूप में सोनारी दोमुहानी कचरा डंपिंग एरिया (करीब 10 एकड़) और ठीक उसके बगल में खाली 12-14 एकड़ जमीन का निरीक्षण किया.

तीसरी संभावित जगह के रूप में साकची पुराना कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया. वर्तमान में आये दिन धरना-प्रदर्शन, चुनाव समेत अन्य दिनों में ट्रैफिक जाम की स्थिति हमेशा यहां बनी रहती है. इस कारण उक्त स्थान पर नया समाहरणालय बिल्डिंग बनाने की संभावना को टीम ने उपयुक्त नहीं माना. वहीं चौथी संभावित जगह के रूप में भुइयांडीह लिट्टी चौक के समीप खाली जमीन का निरीक्षण किया.

वर्जन…

जिला समाहरणालय बिल्डिंग बनाने के लिए सरकार का निर्देश प्राप्त है. आरंभिक स्तर पर बिल्डिंग कहां बनेगी, इसकी संभावना तलाश की जा रही है, जल्द इस पर निर्णय लिया जायेगा. आम लोगों की सहूलियत, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था समेत अन्य जरूरी चीजों को देखते हुए बिल्डिंग का निर्माण कराया जायेगा.

कर्ण सत्यार्थी, डीसी, पूर्वी सिंहभूम.

यह भी जानें…

झारखंड राज्य बनने तक पुराना ब्लड बैंक के समीप पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय था. राज्य बनने के बाद से लेकर अबतक खरकई लिंक रोड से सटे साकची पुराना कोर्ट के बगल में तीन मंजिला जिला समाहरणालय बिल्डिंग संचालित है. पहले यह एक तल्ला था, बाद में सरकार की अनुमति से दो तल्लों का अतिरिक्त निर्माण कराया गया. इधर, लगातार हो रही बारिश की वजह से डीडीसी के कक्ष व कार्यालय में छत से पानी टपक रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >