चार मई को नीट परीक्षा, जिले के 8 केंद्रों पर 3810 परीक्षार्थी होंगे शामिल

4 मई को नीट की परीक्षा, 5 शैक्षणिक संस्थान में 8 परीक्षा केंद्र बनाये गये, 3810 परीक्षार्थी होंगे शामिल

डीसी-एसएसपी ने अधिकारियों व केंद्राधीक्षकों के साथ की बैठक, कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर चर्चा

(फोटो 28 नीट 1,2,3)

मुख्य संवाददाता, जमशेदपुर

डीसी अनन्य मित्तल एवं वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने सोमवार को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट-2025) के सुचारू, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला मुख्यालय में अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक की. डीसी ने बताया कि जिले में 5 शैक्षणिक संस्थानों में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3810 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक होगी, जबकि परीक्षार्थियों का केंद्रों में प्रवेश पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगा. अपराह्न 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

घंटाभर चली बैठक में डीसी और एसएसपी ने नीट परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया. डीसी ने निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा किसी भी अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच और पहचान पत्र का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया. केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर भीड़ नियंत्रण के साथ मेडिकल और आपातकालीन सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

कदाचारमुक्त परीक्षा प्राथमिकता, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : डीसी

बैठक में डीसी श्री मित्तल ने कहा कि परीक्षा को कदाचारमुक्त संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. निर्धारित एसओपी के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए. लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. परीक्षा के दिन केंद्रों के अलावा आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए. सभी अधिकारी समय पर रिपोर्टिंग, सुगम प्रवेश और परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें. संवादहीनता से बचने और समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया.डीसी ने यह भी कहा कि सभी परीक्षार्थियों को बिना किसी असुविधा के परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए. इसके लिए केंद्रों पर हेल्प डेस्क और समुचित सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे.

सभी केंद्रों पर नियंत्रण कक्ष, होटल-आश्रयगृहों की होगी जांच : एसएसपी

एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि सुरक्षा के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा. जिला नियंत्रण कक्ष के अलावा हर केंद्र पर स्थानीय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जाएंगे. परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड और फोटो के साथ प्रवेश दिया जाएगा. किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, स्टेशनरी सामग्री या आभूषण आदि ले जाने पर पूर्णतः रोक होगी. पुलिस उपाधीक्षकों को होटल, रेस्तरां तथा अन्य आश्रय स्थलों की जांच के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो.

बैठक में ये थे मौजूद

एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एसीएमओ जोगेश्वर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीआइओ किशोर प्रसाद, मानगो सीओ ब्रजेश श्रीवास्तव, डीईओ मनोज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, केंद्राधीक्षक समेत अन्य अधिकारी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: KUMAR ANAND

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >