घाटशिला: घाटशिला प्रखंड की काशिदा पंचायत स्थित चेंगजोड़ा रामदास टुडू हेरिटेज विलेज में रविवार को बाउंड्री निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया. करीब 52 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना का शिलान्यास घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने संयुक्त रूप से किया. योजना का क्रियान्वयन जिला परिषद एवं डीएमएफटी मद से किया जा रहा है.
पारंपरिक पूजा के बाद हुआ निर्माण कार्य का शुभारंभ
शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान भादो मुर्मू ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा कर की. इसके बाद विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इस दौरान ग्रामीणों ने अतिथियों का आदिवासी परंपरा के अनुसार ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया.
सूचना बोर्ड पर लागत और मजदूरी दर लिखना होगा
मौके पर विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने संवेदक को निर्माण स्थल पर अनिवार्य रूप से सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बोर्ड पर योजना की कुल लागत राशि के साथ मजदूरी दर का भी स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को निर्माण कार्य से जुड़ी पूरी जानकारी मिल सके.
लंबे समय से थी ग्रामीणों की मांग
विधायक ने कहा कि हेरिटेज विलेज में बाउंड्री निर्माण ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि बाउंड्री निर्माण से हेरिटेज विलेज को व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा. साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी और पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा.
शिलापट्ट पर सांसद-विधायक समेत जिला परिषद अध्यक्ष का नाम
शिलान्यास स्थल पर लगाये गये शिलापट्ट पर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू का नाम अंकित किया गया है. कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, काजल डॉन, मुखिया प्रफुल्ल हांसदा, बाबूलाल मुर्मू, सत्यजीत कुंडू, चंचल सरकार, महेश्वर महाली, मुकेश दंडपाठ, राजा सिंह, समरेश महात्रा, भुजंग टुडू, सतनारायण पुष्टि समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद थे.
