घाटशिला : दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में चल रहे मीना बाजार में मंगलवार रात छेड़खानी के विरोध को लेकर जमकर मारपीट हो गई. लड़कियों से छेड़खानी का विरोध करने पर युवकों ने एक दंपती के साथ मारपीट कर दी. घटना में मऊभंडार निवासी रंजन गोरीई (40) और उनकी पत्नी वंदना गोरीई (34) घायल हो गये. दोनों का घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया.
झूले से उतरते ही युवकों से भिड़े रंजन
जानकारी के अनुसार, रंजन गोरीई अपने बच्चों के साथ इलेक्ट्रिक झूले पर सवार थे, जबकि उनकी पत्नी वंदना और आसपास की कुछ महिलाएं नीचे खड़ी थीं. इसी दौरान कुछ युवकों पर लड़कियों के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगा. झूले से नीचे उतरने के बाद रंजन ने जब इसका विरोध किया, तो मामला देखते ही देखते विवाद में बदल गया. आरोप है कि एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से रंजन के सिर पर हमला कर दिया. घटना में चार से पांच युवकों के शामिल होने की बात सामने आ रही है. हमले में रंजन के सिर में गंभीर चोट लगी है.
सिर में गंभीर चोट, डॉक्टर ने दी सीटी स्कैन की सलाह
घायल रंजन गोरीई का घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में इलाज कराया गया. डॉक्टर जुली कुमारी ने सिर में लगी चोट को देखते हुए उन्हें सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है. वहीं, उनकी पत्नी वंदना को भी हल्की चोटें आई हैं. फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बतायी जा रही है.
स्थानीय लोगों ने दो युवकों को पकड़ा, पुलिस ने हिरासत में लिया
मारपीट के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले गयी. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है.
ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते तो मामला बिगड़ सकता था
परिजनों दीपक गोरीई और राहुल गोरीई ने बताया कि घटना के दौरान स्थिति काफी बिगड़ गयी थी. अगर समय रहते ग्रामीणों ने हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो मामला और गंभीर हो सकता था. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल अन्य युवकों की भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
