मानगो नगर निगम के बजट का हुआ खुलासा, जानिए आपके इलाके के लिए क्या है खास

मानगो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 100.97 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया है. इस बजट में विकास कार्यों, विशेषकर सड़क, नाली, पेयजल और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है. यह बजट पिछले साल की तुलना में लगभग 7 करोड़ रुपये अधिक है.

मानगो निवासी के लिए राहत भरी खबर है. बरसात में जलजमाव और गर्मी में पानी की किल्लत जैसी पुरानी समस्याओं से निपटने के लिए मानगो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट तैयार कर लिया है. इस बार नगर निगम ने 100.97 करोड़ रुपये का बजट बनाया है. इसमें सड़क, नाली, पेयजल और सफाई व्यवस्था को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गयी है.

बजट में 60 प्रतिशत से ज्यादा राशि विकास कार्यों पर खर्च करने का प्रावधान किया गया है. यानी मानगो के इलाकों में सड़क सुधार, नाली निर्माण, पानी की व्यवस्था और सफाई जैसे कामों पर बड़ा फोकस रहेगा.

जानिए बजट में आपके इलाके के लिए क्या है खास

नगर निगम ने विकास और निर्माण कार्यों के लिए 61.05 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. इसमें नई सड़कों के निर्माण और पुरानी सड़कों को बेहतर बनाने के लिए 12.5 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.

बरसात में होने वाले जलजमाव से राहत दिलाने के लिए सीवरेज और नाली निर्माण पर 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं, पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी 5 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है.

इसके अलावा मशीनरी, उपकरण और अन्य निर्माण कार्यों के लिए 10.55 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

सफाई व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

मानगो में सफाई और कचरा उठाव की समस्या को देखते हुए बजट में इस पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. सफाई, मेंटेनेंस और प्रशासनिक खर्च के लिए 39.93 करोड़ रुपये रखे गये हैं.

इसमें रोजाना सफाई, कचरा उठाव और रखरखाव के लिए 17.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं, गरीब कल्याण योजनाओं, बिजली बिल और सब्सिडी के लिए 12.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

पिछले साल से करीब 7 करोड़ रुपये बढ़ा बजट

वित्तीय वर्ष 2025-26 में मानगो नगर निगम का बजट 94.19 करोड़ रुपये था. इस बार बजट बढ़कर 100.97 करोड़ रुपये हो गया है. यानी पिछले साल की तुलना में करीब 6.78 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है.

नगर निगम को कहां से मिलेगी राशि

नगर निगम को 16वें वित्त आयोग से 27 करोड़ रुपये, 15वें वित्त आयोग और स्वास्थ्य अनुदान से 11.10 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है.

इसके अलावा होल्डिंग टैक्स से 15.71 करोड़ रुपये, गरीबी उन्मूलन राज्य अनुदान से 13.50 करोड़ रुपये, पानी कर, लाइसेंस फीस और यूजर चार्ज से 6.54 करोड़ रुपये तथा अन्य सरकारी अनुदान और योजना फंड से 15.59 करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है.

बजट में 2.85 करोड़ रुपये का अंतर

नगर निगम की अनुमानित आय 98.12 करोड़ रुपये है, जबकि खर्च का अनुमान 100.97 करोड़ रुपये लगाया गया है. ऐसे में बजट में 2.85 करोड़ रुपये का अंतर है.

नगर निगम इस अंतर को पूरा करने के लिए होल्डिंग टैक्स का दायरा बढ़ाने, यूजर चार्ज की वसूली बेहतर करने और राज्य सरकार से अतिरिक्त अनुदान मिलने की उम्मीद कर रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >