जमशेदपुर. लौहनगरी जमशेदपुर के सोनारी वेस्ट लेआउट निवासी विख्यात जादूगर किंशुक मुखर्जी थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में आयोजित होने वाले ‘इंटरनेशनल मैजिक फेस्टिवल’ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. थाईलैंड मैजिशियंस सोसायटी द्वारा बैंकाक के थियांगओटाना हॉल में 14 से 16 अगस्त 2026 तक इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सोसायटी के अध्यक्ष पानुमास हिरनमास के विशेष आमंत्रण पर श्री मुखर्जी हिस्सा ले रहे हैं. चीन, जापान, रूस और मिस्र समेत करीब 16 से 17 देशों के दिग्गज जादूगरों के बीच वे इस महोत्सव के प्रतिष्ठित 'गाला शो' में अपनी अनूठी कला का प्रदर्शन कर देश का परचम लहराएंगे.
अभिनय जगत में भी बिखेर चुके हैं कला का जादू
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत और झारखंड का नाम रोशन करने वाले किंशुक इससे पूर्व 5 से 8 जून 2026 तक श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मैजिक फेस्टिवल में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपने गाला शो से खूब तालियां बटोरी थीं. विगत 30 वर्षों से जादू कला के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ-साथ उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में भी विशिष्ट पहचान बनाई है. पिछले एक दशक में उन्होंने दिवंगत अभिनेता सौमित्र चटर्जी, इंद्राणी हलदर, अभिषेक चटर्जी और बॉलीवुड अभिनेता राजेश शर्मा जैसे दिग्गजों के साथ 'मायाजालेर खेला', 'चार अध्याय', 'आलोर खोजे' और 'स्मेल' जैसी चर्चित फिल्मों में बेहतरीन काम किया है.
