चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर, 2026 को आयोजित होगा. यहां झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. समारोह की तैयारियां तेजी स चल रही हैं. मंगलवार को केयू के कॉन्फ्रेंस हॉल में कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक की गयी.
यहां निर्णय हुआ कि विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 5,446 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जायेंगी. कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने सभी डीन, विभागाध्यक्षों और समिति के सदस्यों को आपसी तालमेल के साथ काम करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि सभी को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन करना होगा. इन संकाय के विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियांः स्नातकोत्तर (पीजी) के 4,066 विद्यार्थी, बीएड के 1,310, एमबीए के 30 और पीएचडी के 40 विद्यार्थियों को डिग्री मिलेगी.
